शाजापुर ईदगाह का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, शनिवार सुबह 8 बजे अदा होगी ईद की नमाज़

शाजापुर में आगामी ईद पर्व को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार दोपहर ईदगाह का निरीक्षण किया गया।

शाजापुर ईदगाह का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, शनिवार सुबह 8 बजे अदा होगी ईद की नमाज़

सलमान खान

शाजापुर में आगामी ईद पर्व को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार दोपहर ईदगाह का निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण गिरवर स्थित ईदगाह परिसर में दोपहर 1 बजे के लगभग संपन्न हुआ। ईद का त्योहार शहर में सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो, इस उद्देश्य से अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश भी दिए।

वीडियो देखे...

निरीक्षण दल में एसडीएम मनीष वास्कले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल, एसडीओपी त्रिलोक कुमार पवार, कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला, लालघाटी थाना प्रभारी अर्जुन मुजाल्दे, नायब काज़ी रहमत उल्लाह, हाजी हबीब कुरैशी और बाबू भाई इरिगेशन सहित अन्य सामाजिक व धार्मिक प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ईदगाह परिसर की सफाई, पेयजल व्यवस्था, ट्रैफिक कंट्रोल, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का जायज़ा लिया। मौके पर मौजूद संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि नमाज़ के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि सड़क पर यातायात प्रभावित न हो तथा नमाज़ के समय पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाए।

नायब काज़ी रहमत उल्लाह ने जानकारी दी कि इस वर्ष ईद की नमाज़ शनिवार, 7 जून को सुबह 8 बजे अदा की जाएगी। उन्होंने सभी मुसलमानों से समय पर ईदगाह पहुंचने और नमाज़ शांतिपूर्वक पढ़ने की अपील की। साथ ही धार्मिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश भी दिया।

अधिकारियों ने स्थानीय सामाजिक प्रतिनिधियों से संवाद कर त्योहार के संबंध में उनकी आवश्यकताओं और सुझावों को भी सुना। ईदगाह परिसर में साफ-सफाई और अस्थायी शेड लगाने के कार्य भी तेजी से चल रहे हैं। प्रशासन ने नगर पालिका को निर्देश दिया है कि नमाज़ से पूर्व सफाई, पानी छिड़काव और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था पूरी कर ली जाए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल ने बताया कि ईद के मद्देनज़र शहर में शांति बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा योजना तैयार की गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और ड्रोन व CCTV कैमरों की सहायता से निगरानी रखी जाएगी।

प्रशासन की ओर से यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि त्योहार के दिन बिजली-पानी की आपूर्ति में कोई व्यवधान न हो। मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में त्वरित सहायता के लिए स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट रखा गया है।

इस प्रकार, प्रशासन ने पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ईद पर्व के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिकारी उम्मीद जता रहे हैं कि सभी समुदायों के सहयोग से यह पर्व सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होगा।