अमेरिका-रूस रिश्तों में नई दरार : यूक्रेन पर रूसी एयरस्ट्राइक से भड़के ट्रंप, पहली बार पुतिन पर जताई नाराजगी,ट्रंप बोले- "पुतिन पागल हो गए हैं"

अमेरिका-रूस रिश्तों में नई दरार : यूक्रेन पर रूसी एयरस्ट्राइक से भड़के ट्रंप, पहली बार पुतिन पर जताई नाराजगी,ट्रंप बोले- "पुतिन पागल हो गए हैं"

वॉशिंगटन DC। : यूक्रेन पर रूस द्वारा किए गए अब तक के सबसे बड़े हवाई हमले के बाद अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहली बार रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ खुलकर नाराजगी जताई है। ट्रंप, जो पहले पुतिन की तारीफ करते रहे हैं, अब काफी सख्त तेवर में नजर आए। उन्होंने कहा कि, “मुझे नहीं पता पुतिन को क्या हो गया है। वह बिल्कुल पागल हो गए हैं।

367 हथियारों से हमला

शनिवार रात रूस ने यूक्रेन पर 367 हथियारों से हमला किया, जिनमें 298 ड्रोन, 60 क्रूज मिसाइलें और 9 बैलिस्टिक मिसाइलें शामिल थीं। यह रूस की ओर से अब तक का सबसे बड़ा एयरस्ट्राइक बताया गया है। यूक्रेनी वायुसेना ने दावा किया कि उन्होंने इनमें से 266 ड्रोन और 45 मिसाइलों को मार गिराया, लेकिन इसके बावजूद कीव समेत 30 से अधिक शहरों में भारी तबाही हुई। इस हमले में 12 से 13 नागरिकों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हुए हैं।

ट्रंप ने कहा

न्यू जर्सी के मोरिसटाउन एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए ट्रंप ने कहा, “मैं पुतिन को लंबे समय से जानता हूं। हमारे बीच अच्छे संबंध थे, लेकिन अब वह लोगों को मार रहे हैं, मिसाइलें दाग रहे हैं। यह ठीक नहीं है। वह अब वो इंसान नहीं रहे जिन्हें मैं जानता था।उन्होंने कहा कि अगर वे राष्ट्रपति होते तो यह युद्ध शुरू ही नहीं होता। ट्रंप ने इस युद्ध को बाइडेन, पुतिन और जेलेंस्की की असफलताबताया और खुद को शांति बहाल करने वाला नेताबताया।

सोशल मीडिया पर भी नाराजगी

डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि पुतिन अब पूरा यूक्रेन चाहते हैं, सिर्फ एक हिस्सा नहीं। अगर ऐसा हुआ तो रूस का विनाश तय है।उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की की शैली की भी आलोचना की और कहा कि उनका रवैया देश के लिए हितकारी नहीं है।

रूस ने लगाया आरोप

इस बीच रूस ने आरोप लगाया है कि यूक्रेन ने पुतिन को मारने की साजिश रची थी। रूसी वायुसेना के मेजर जनरल यूरी डैशकिन ने दावा किया कि 20 मई को कुर्स्क दौरे के दौरान यूक्रेनी सेना ने पुतिन के हेलिकॉप्टर पर 46 ड्रोन से हमला किया, लेकिन सभी को नष्ट कर दिया गया। यह इलाका रणनीतिक रूप से अहम माना जाता है।

जेलेंस्की ने पश्चिमी देशों पर जताई नाराजगी

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने इस हमले के बाद अमेरिका और पश्चिमी देशों की चुप्पी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शनिवार हो या रविवार, दुनिया छुट्टी पर जा सकती है, लेकिन युद्ध नहीं रुकता। अमेरिका की चुप्पी पुतिन को और हिंसा के लिए प्रेरित कर रही है।

हाल ही में तुर्की में शांति वार्ता की कोशिशें हुई थीं, जिसमें ट्रंप की मध्यस्थता से दोनों देशों के बीच कैदियों की अदला-बदली पर सहमति बनी थी। 24 मई को रूस और यूक्रेन के बीच 307-307 कैदियों की अदला-बदली हुई। इससे एक दिन पहले भी 390-390 कैदी छोड़े गए थे। हालांकि, रूस ने यूक्रेन की 30 दिन की सीजफायर की मांग को खारिज कर दिया और हमले और तेज कर दिए। ट्रंप ने कहा कि इन हमलों से शांति की उम्मीदें कमजोर होती जा रही हैं।