शाजापुर जिला अस्पताल की हालत चिंताजनक, मरीजों को नहीं मिल रहा इलाज, छुट्टी पर डॉक्टर !
जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह बिगड़ गई है। चार डॉक्टरों के एक साथ छुट्टी पर होने के कारण ओपीडी में मरीजों को इलाज के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा, डॉक्टरों की कमी से हालात और बिगड़ गए हैं।

विकास जैन
शाजापुर : जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह बिगड़ गई है। चार डॉक्टरों के एक साथ छुट्टी पर होने के कारण ओपीडी में मरीजों को इलाज के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा, डॉक्टरों की कमी से हालात और बिगड़ गए हैं। लोगों की मांग है कि स्वास्थ्य विभाग जल्द से जल्द इस पर ध्यान दे और व्यवस्था में सुधार करे।
हॉस्पिटल में लगी लंबी कतारें
हॉस्पिटल के बाहर और ओपीडी में मरीजों की लंबी कतारें देखी गई। कई मरीज बिना इलाज के लौटते नजर आए। दिल्लौद गांव से आई गीताबाई आधे घंटे तक डॉक्टर का इंतजार करती रहीं, लेकिन उन्हें कोई डॉक्टर नहीं मिला। वहीं जानपुर से आए बाबूलाल हड्डी रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेने पहुंचे, लेकिन डॉक्टर छुट्टी पर थे।
वीडियो देखे -
तकनीकी खराबी ने बढ़ाई परेशानी
अस्पताल के ओपीडी अपॉइंटमेंट सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी आ गई है, जिसके कारण ऑनलाइन पर्चा बनना बंद हो गया है। मजबूरी में स्टाफ को ऑफलाइन पर्चे बनाने पड़ रहे हैं, जिससे मरीजों को और ज्यादा इंतजार करना पड़ रहा है।
डॉक्टरों की लापरवाही बनी चिंता
स्थानीय लोगों ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टर पहले से ही कम हैंऔर जो मौजूद है वे भी नियमित ड्यूटी नहीं कर रहे। अक्सर देखा गया है कि काम के समय पर भी कई डॉक्टर गायब रहते हैं।