Monsoon Update : समय से पहले देश में दस्तक देगा मानसून,इस बार 16 दिन पहले दे रहा दस्तक

देश में इस साल मानसून समय से पहले दस्तक देने जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, मानसून शुक्रवार, 23 मई 2025 को केरल में प्रवेश करेगा।

Monsoon Update : समय से पहले देश में दस्तक देगा मानसून,इस बार 16 दिन पहले दे रहा दस्तक

देश में इस साल मानसून समय से पहले दस्तक देने जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, मानसून शुक्रवार, 23 मई 2025 को केरल में प्रवेश करेगा। यह सामान्य तिथि 1 जून से लगभग एक सप्ताह पहले है। पिछले 16 वर्षों में यह पहली बार है जब मानसून इतनी जल्दी केरल पहुंचेगा। इससे पहले 2009 और 2001 में भी 23 मई को मानसून ने केरल में दस्तक दी थी।

मौसम विभाग ने जताई संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में मानसून के आगमन के लिए सभी अनुकूल परिस्थितियां बन चुकी हैं। निम्न दबाव क्षेत्र और आगे बढ़ती मानसूनी हवाओं के कारण केरल के कई हिस्सों में पिछले दो दिनों में भारी बारिश दर्ज की गई है। इससे यह संकेत मिलता है कि मानसून अपनी तय रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।

IMD की चेतावनी

IMD ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 24 मई, शनिवार को केरल, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, कोंकण और गोवा के विभिन्न हिस्सों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से केरल और तटीय कर्नाटक में 29 मई तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। साथ ही, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी है।

यहा दिख रहा असर

वहीं, महाराष्ट्र में भी मानसून की गतिविधियों का असर दिखने लगा है। शुक्रवार को मौसम विभाग ने तटीय जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मुंबई समेत अन्य इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

गेावा में रेड अलर्ट

गोवा में भी मानसून की तीव्रता को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहां रविवार तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। राज्य सरकार ने लोगों से सतर्क रहने और नदियों या झरनों के पास न जाने की अपील की है। बीते 24 घंटों में गोवा के कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई है।

इन राज्यों में भी बारिश की गई दर्ज

उत्तर भारत की बात करें तो दिल्ली और एनसीआर के कुछ हिस्सों में भी शुक्रवार सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई। आईएमडी के मुताबिक, अगले दो घंटों में दक्षिण दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में हल्की वर्षा हो सकती है। इसके अलावा, ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है, जिसमें 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मानसून के आकड़े

गौरतलब है कि केरल में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि 1 जून मानी जाती है। लेकिन ऐतिहासिक आंकड़ों के अनुसार, 1918 में मानसून सबसे पहले 11 मई को पहुंचा था, जबकि सबसे ज्यादा देरी 18 जून 1972 को हुई थी। पिछले 25 वर्षों में सबसे अधिक देरी 2016 में दर्ज की गई, जब मानसून 9 जून को केरल पहुंचा।

इस साल समय से पहले मानसून की शुरुआत न केवल किसानों के लिए राहत की खबर है, बल्कि यह पूरे देश के मौसम चक्र को भी प्रभावित करेगी।